फेसबुक पर विदेशी महिला की आईडी से दोस्ती, पार्सल के नाम पर 1.40 लाख की ठगी

02 Nov 2026 BIKANER
Advertisement

फेसबुक पर विदेशी महिला की आईडी से दोस्ती, पार्सल के नाम पर 1.40 लाख की ठगी

सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कितना महंगा पड़ सकता है, इसका एक मामला बीकानेर के दंतौर थाना क्षेत्र में सामने आया है। फेसबुक पर विदेशी महिला के नाम से बनाई गई आईडी के जरिए एक व्यक्ति को कथित तौर पर पार्सल भेजने का झांसा देकर 1 लाख 40 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली गई।

Advertisement

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, परिवादी ईश्वरदान पुत्र भगवानदान, निवासी पार्वती तलाई, तहसील पूगल, जिला बीकानेर ने बताया कि करीब 15 दिन पहले फेसबुक पर “Emily Johnson” नाम की आईडी से उसके पास मैसेज आया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।

विदेश से महंगे सामान का पार्सल भेजने का दिया झांसा

परिवादी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को उक्त फेसबुक आईडी से मैसेज कर बताया गया कि उसके लिए विदेश से जींस, टी-शर्ट, जूते, परफ्यूम, जैकेट, रोलेक्स घड़ी, सोने की चेन और आईफोन 14 प्रो मैक्स सहित अन्य सामान का पार्सल भेजा गया है।

पार्सल दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने की बात कहकर कस्टम और अन्य शुल्क जमा करवाने के नाम पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आने लगे।

अलग-अलग किश्तों में जमा करवाए 1,40,500 रुपये

रिपोर्ट में बताया गया कि 24 अक्टूबर को पार्सल किराये के नाम पर 25,500 रुपये जमा करवाए गए। इसके बाद 98 हजार रुपये की मांग की गई। परिवादी ने अलग-अलग किश्तों में 5,000, 93,000, 7,000 और 10,000 रुपये बताए गए बैंक खाते में जमा करवाए।

इस प्रकार परिवादी के अनुसार कुल 1 लाख 40 हजार 500 रुपये जमा करवाए गए। रकम जमा करवाने के बाद भी जब उसने पार्सल भेजने को कहा तो कथित आरोपियों ने सामान नहीं भेजा और मोबाइल फोन बंद कर लिए।

दंतौर थाने में मामला दर्ज, जांच शुरू

पार्सल नहीं मिलने और संपर्क बंद होने के बाद परिवादी को अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। इसके बाद उसने दंतौर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस अधिकारी सुनील कुमार को सौंपी गई है।

सावधानी: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के भेजे पार्सल, कस्टम शुल्क या डिलीवरी चार्ज के नाम पर रकम मांगने वाले संदेशों से सतर्क रहें। भुगतान करने से पहले संबंधित दावे और खाते की पुष्टि करें।

Advertisement
Share: