बीकाणा मुद्रा महोत्सव-4 के पोस्टर का विमोचन, वरिष्ठ अधिकारियों ने शामिल होने का दिया आश्वासन
बीकानेर। बीकाणा न्युमिसमैटिक सोसायटी की ओर से आयोजित “बीकाणा मुद्रा महोत्सव-4” के पोस्टर का सोमवार को बीकानेर में विमोचन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने महोत्सव में शामिल होने और प्रदर्शनी का अवलोकन करने का आश्वासन दिया।
पोस्टर का संयुक्त विमोचन संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, जिला कलेक्टर निशांत जैन, बीकानेर रेंज आईजी ओम प्रकाश, आर्काइव डायरेक्टर डॉ. नितिन गोयल और एसपी मृदुल कच्छावा ने किया।
इस अवसर पर सोसायटी की ओर से अध्यक्ष किशन लाल सोनी, कन्हैया लाल सोनी, महेंद्र सिंह चौहान, सुधीर लुणावत, उमेश मोदी, कुशल बाफना और पुनीत सोनी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
13 से 15 नवंबर तक होगा तीन दिवसीय महोत्सव
सोसायटी की ओर से अधिकारियों को 13, 14 और 15 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मुद्रा महोत्सव में आमंत्रित किया गया। सभी अधिकारियों ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए महोत्सव में शामिल होने और प्रदर्शनी देखने का आश्वासन दिया।
दुर्लभ नोट, सिक्के और एंटीक आइटम्स होंगे प्रदर्शित
आयोजकों के अनुसार, तीन दिवसीय महोत्सव में दुर्लभ प्राचीन नोट, सिक्के, डाक टिकट और एंटीक आइटम्स का संग्रह प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य इतिहास, कला और संस्कृति की अनमोल धरोहर को आमजन, विशेषकर नई पीढ़ी से जोड़ना है।
अधिकारियों ने सोसायटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बीकानेर जैसे ऐतिहासिक शहर में ऐसा आयोजन कला प्रेमियों और इतिहास के जानकारों के लिए यादगार अनुभव साबित हो सकता है।







