बीकानेर में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण की तैयारी पूरी, मतदान दल केंद्रों के लिए रवाना
बीकानेर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तीसरे चरण के तहत होने वाले मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी सोमवार को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से हुई। प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को निर्धारित वाहनों से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और पर्यवेक्षक नवनीत कुमार मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों के कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा बनना गर्व का विषय है। सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र और भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का उपयोग करने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने पांच दिनों की पूरी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि चुनाव से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाई जाए।
तीसरे चरण में 112 ग्राम पंचायतों में चुनाव
तीसरे चरण में लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़ और रीडी पंचायत समिति क्षेत्रों की 112 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके लिए कुल 402 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
- श्रीडूंगरगढ़: 33 ग्राम पंचायतें और 123 मतदान केंद्र
- रीडी: 31 ग्राम पंचायतें और 104 मतदान केंद्र
- लूणकरणसर: 48 ग्राम पंचायतें और 175 मतदान केंद्र
मतदान दलों में पीठासीन अधिकारी सहित प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए एक रिटर्निंग अधिकारी भी नियुक्त किया गया है।
3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
पंच और सरपंच पदों के लिए 4 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया होगी। इसके बाद 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को होगा।
अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह, बीकानेर विकास प्राधिकरण सचिव हेमेन्द्र नागर, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, तृतीय चरण की तीनों पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी दयानंद रूयल, झंवर मित्तल और दमयंती कंवर सहित प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अधिकारी उपस्थित रहे।






