बीकानेर उपमहापौर पर पूर्व का दावा, पश्चिम से महापौर के बाद कांग्रेस में मंथन तेज
बीकानेर। नगर निगम के महापौर और उपमहापौर पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। महापौर पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के बाद अब कांग्रेस में उपमहापौर पद को लेकर मंथन शुरू हो गया है। सूत्रों के अनुसार बीकानेर पूर्व क्षेत्र से जीते पार्षदों की ओर से उपमहापौर पद पर दावा पेश किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक पूर्व क्षेत्र के पार्षदों का तर्क है कि यदि महापौर पद बीकानेर पश्चिम क्षेत्र से दिया जा रहा है तो उपमहापौर का पद बीकानेर पूर्व क्षेत्र के पार्षद को मिलना चाहिए। हालांकि अभी तक उपमहापौर पद के लिए किसी दावेदार का नाम आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है।
पूर्व के पार्षदों ने प्रभारी के सामने रखा दावा
बताया जा रहा है कि बीकानेर पूर्व से निर्वाचित पार्षदों ने एकराय होकर पार्टी प्रभारी के सामने अपनी मांग रखी है। इस मुद्दे को लेकर प्रभारी और प्रदेश नेतृत्व स्तर पर मंथन किए जाने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार पूर्व और पश्चिम दोनों क्षेत्रों के पार्षदों से अलग-अलग स्तर पर राय ली जा रही है।
बीकानेर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने बीकानेर पूर्व क्षेत्र की 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसी संख्या के आधार पर पूर्व क्षेत्र के पार्षद उपमहापौर पद पर अपना दावा जता रहे हैं।
करीब तीन नामों पर चर्चा की बात
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व उपमहापौर पद के लिए करीब तीन संभावित नामों पर चर्चा कर रहा है। हालांकि इन नामों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पार्टी नेतृत्व पार्षदों के बीच सहमति और क्षेत्रीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए नाम तय करने की प्रक्रिया में बताया जा रहा है।
पिछले निगम बोर्ड के अनुभव के बाद कांग्रेस इस बार महापौर और उपमहापौर चुनाव में कदम उठाने से पहले पार्षदों के बीच समन्वय बनाने पर जोर दे रही है। अब नजर इस बात पर है कि उपमहापौर पद के लिए पार्टी नेतृत्व किस नाम पर सहमति बनाता है।




