बीकानेर में भामाशाहों और प्रतिभाओं का सम्मान, 527 बेड की मेडिसिन विंग देने वाले मूंधड़ा परिवार का भी अभिनंदन

15 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीकानेर जिला उद्योग संघ की ओर से भामाशाहों, शहर की प्रतिभाओं और कला-संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सामाजिक, सांस्कृतिक, चिकित्सा, शिक्षा, संगीत एवं कला के क्षेत्र में बीकानेर का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

Advertisement

527 बेड की मेडिसिन विंग देने वाले मूंधड़ा परिवार का अभिनंदन

समारोह में श्रीमती सी. एम. मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के ट्रस्टी श्रीकिशन मूंधड़ा का विशेष रूप से स्वागत किया गया। मूंधड़ा परिवार एवं ट्रस्ट की ओर से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में 527 बेड की अत्याधुनिक मेडिसिन विंग की सौगात देने के लिए उनका अभिनंदन किया गया।

श्रीकिशन मूंधड़ा ने कहा कि बीकानेर की धरती से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। समाज से जो मिला है, उसे समाज को लौटाना ही सेवा का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा जैसी मूलभूत आवश्यकता के क्षेत्र में सहयोग करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। मेडिसिन विंग का लाभ बीकानेर के साथ आसपास के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी मिलेगा।

‘औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी’

बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि उद्योग संघ की जिम्मेदारी केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है। शहर के विकास में योगदान देने वाले भामाशाहों, प्रतिभाओं, कलाकारों और समाजसेवियों का सम्मान करना भी सामाजिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि बीकानेर की प्रतिभाओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है और उनका सम्मान करना पूरे शहर का सम्मान है। श्रीकिशन मूंधड़ा एवं उनके परिवार द्वारा पीबीएम अस्पताल में 527 बेड की मेडिसिन विंग का निर्माण करवाना बीकानेर के लिए ऐतिहासिक योगदान है।

प्रतिभाओं और समाजसेवियों को सम्मान से मिलती है प्रेरणा

समारोह की अध्यक्षता कर रहे सेन्ट्रल जेल अधीक्षक अभिषेक शर्मा ने कहा कि किसी भी शहर की वास्तविक ताकत वहां की प्रतिभाओं और समाजसेवियों में होती है। जब समाज अपने प्रतिभाशाली लोगों और भामाशाहों का सम्मान करता है तो इससे अन्य लोगों को भी समाजहित में आगे आने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्य अतिथि सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार में सरकार के प्रयासों के साथ भामाशाहों और सामाजिक संस्थाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। पीबीएम अस्पताल में 527 बेड की मेडिसिन विंग मरीजों के लिए बड़ी सौगात है।

उस्ता कला से संगीत तक इन प्रतिभाओं का सम्मान

समारोह में बीकानेर की प्रसिद्ध उस्ता कला को देश-दुनिया में पहचान दिलाने वाले राम भादाणी का सम्मान किया गया। चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले रमेश हुरकट एवं डॉ. जितेन्द्र आचार्य का भी सम्मान हुआ।

संगीत के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाली स्वर सम्राज्ञी दीपिका खुडिया और मशहूर गायक एम रफीक कादरी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। चित्रकारी के क्षेत्र में योगदान के लिए भरतराज का भी सम्मान किया गया।

समारोह में ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर उपाध्यक्ष अशोक सुराणा, नरेश मित्तल, श्यामसुन्दर सोनी, अनंतवीर जैन, प्रमोद देवड़ा, सुरेन्द्र जैन, वीरेंद्र किराडू, सुरेन्द्र बांठिया, हरिगोपाल उपाध्याय, सलीम सोढा, हरीकिशन गहलोत, राजकुमार पचीसिया, अशोक गहलोत, चंद्रप्रकाश नौलखा, किशनलाल बोथरा, शिवरतन पुरोहित, निर्मल पारख, दिलीप रंगा, राजाराम सारडा, रूपचंद अग्रवाल, अश्विनी पचीसिया, विजय चांडक, चंद्रकांत नाहटा, पवन शर्मा, संजय गोयल, नरेश अग्रवाल, किरणचंद झंवर, किशन मूंधड़ा, प्रशांत राठी, अरविन्द चौधरी, मोहित करनानी, विनोद जोशी, रामस्वरूप, मांगीलाल सुथार, केके मेहता, विमल दम्माणी, पूनम प्रजापत, प्रियांशु डागा, विनोद गोयल, दाऊलाल खुडिया, सुरेश पेडीवाल, रघुवीर झंवर, रोहन चावला, संदीप मुसरफ सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।

बीकानेर जिला उद्योग संघ की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा क्षेत्र की उपलब्धियों को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

Share: