बीकानेर में ₹37 लाख की संपत्ति हड़पने की साजिश! फर्जी वसीयत बनाकर कब्जे का आरोप, 6 लोगों पर केस

11 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में 37 लाख की संपत्ति पर फर्जी वसीयत का आरोप, महिला सहित 6 नामजद के खिलाफ मामला दर्ज

बीकानेर: शहर में 37 लाख रुपये की संपत्ति पर कथित फर्जी वसीयत तैयार कर कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। एसीजेएम-2 न्यायालय के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने महिला सहित छह नामजद आरोपियों और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार श्रीगंगानगर के पदमपुर निवासी सुरेन्द्र कुमार ने इस्तगासा पेश कर बताया कि उन्होंने अपने साथी राधेश्याम के साथ चौतीना कुआं स्थित 715 वर्गफीट की संपत्ति 7 मार्च 2025 को 37 लाख रुपये में पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी थी। यह संपत्ति उन्हें पुष्पा देवी से मिली थी, जिन्हें उनके पति स्वर्गीय मुरली मनोहर पांडे की पंजीकृत वसीयत के आधार पर स्वामित्व प्राप्त हुआ था।

परिवादी का आरोप है कि बाद में मंजू पांडे ने उसी संपत्ति पर दावा करते हुए न्यायालय में 9 मार्च 2007 की कथित वसीयत पेश की, जो फर्जी और कूटरचित है। शिकायत में कहा गया है कि यह वसीयत न तो पंजीकृत है और न ही इसकी मूल प्रति न्यायालय में प्रस्तुत की गई।

परिवादी के अनुसार संपत्ति पर अवैध कब्जा करने की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका उपयोग किया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले सदर थाना और पुलिस अधीक्षक को भी दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।

न्यायालय के आदेश के बाद सदर थाना पुलिस ने महिला सहित छह नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले में दस्तावेजों और वसीयत की वैधता की जांच कर रही है।

Share: