बीकानेर में अस्पतालों की कैंटीन पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 4 सैंपल लिए

26 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में अस्पतालों की कैंटीन पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 4 सैंपल लिए

बीकानेर। सरकारी और निजी अस्पतालों के आसपास संचालित कैंटीन, रसोई, भोजनालय और ढाबों की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को खाद्य विभाग की टीम ने कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कुल 4 खाद्य नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

Advertisement

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर 24 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रदेशभर में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अस्पतालों तथा उनके आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों की खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।

इन प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण

26 सितंबर को खाद्य विभाग की टीम ने जीवन रक्षा हॉस्पिटल में संचालित कैंटीन एवं रसोई, BLH फूड, पवनपुरी और देशी जायका ढाबा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस, फूड हैंडलर की मेडिकल जांच रिपोर्ट और वाटर रिपोर्ट से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिलने पर संबंधित संचालकों को मौके पर सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए।

साफ-सफाई को लेकर दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को लेकर भी विभाग की ओर से निर्देश दिए गए। संबंधित फर्मों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।

खाद्य विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, खाद्य भंडारण, खाद्य संचालकों की व्यक्तिगत स्वच्छता, परिसर की साफ-सफाई और पेयजल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से रखने की हिदायत दी गई।

4 नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

अभियान के तहत कार्रवाई के दौरान कुल 4 खाद्य नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह गहलोत, सुरेन्द्र कुमार, राकेश गोदारा, निशांत चारण, सोना रानी, इन्द्रजीत ढाका और महावीर मेघवाल की टीम ने की।

Advertisement
Share: