बीकानेर में दिनदहाड़े खूनी हमला! कार रोककर 4 युवकों के साथ मारपीट , शहर में सनसनी
बीकानेर: सदर थाना क्षेत्र स्थित गजनेर ओवरब्रिज पर शनिवार को कार सवार चार युवकों पर जानलेवा हमला होने से शहर में सनसनी फैल गई। घातक हथियारों से लैस अज्ञात बदमाशों ने कार को रुकवाकर चारों युवकों को बाहर निकाला और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायलों में गंगाशहर रोड स्थित भवानी होटल के पीछे निवासी चेतन सिंह उर्फ चिंटू, छिंपों का मोहल्ला निवासी भैंरूसिंह सहित चार युवक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी युवक कार में सवार होकर गजनेर ओवरब्रिज से गुजर रहे थे।
इसी दौरान एक कैंपर में आए हथियारबंद बदमाशों ने उनकी कार को रुकवाया और धारदार व अन्य घातक हथियारों से हमला कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में शहरभर में नाकाबंदी करवाई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
फिलहाल हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है।




