ट्रैक्टर और कृषि उपकरण हड़पने का आरोप, पेट्रोल पंप संचालक समेत दो लोगों पर केस दर्ज
बीकानेर: जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों पर कब्जा कर हड़पने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने परिवादी की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार परिवादी पूराराम पुत्र बिरमाराम जाट, निवासी विनायक नगर कॉलोनी, भीनासर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वर्ष 2023 से 2026 के दौरान आरोपियों ने उसके ट्रैक्टर और उससे जुड़े कृषि उपकरणों को हड़पने की नीयत से अपने कब्जे में रखा तथा बार-बार मांगने के बावजूद सामान का हिसाब नहीं दिया।
ट्रैक्टर समेत कई कृषि उपकरणों का मामला
परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने ट्रैक्टर के साथ उसका हुड, स्पीकर और कई कृषि यंत्र जैसे थ्रेसर , तोई , हेरा, कोर मशीन, दो सुहागा और दो स्प्रे मशीन सहित अन्य सामान अपने कब्जे में रख लिया तथा वापस नहीं लौटाया।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने इस मामले में प्रेमसुख गहलोत, निवासी गंगाशहर तथा प्रमोद कूकणा, संचालक कूकणा पेट्रोल पंप, मेघासर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 316(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गजनेर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




