धार्मिक बातों में उलझाकर महिला के साथ ठगी - सोने की चेन-अंगूठी लेकर फरार, दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

07 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां दो अज्ञात व्यक्तियों ने 65 वर्षीय महिला को धार्मिक बातों में उलझाकर उसके सोने के आभूषण ठग लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की रिपोर्ट पर गंगाशहर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

इन्द्रा चौक गंगाशहर निवासी केसर देवी सेठिया पत्नी निर्मल कुमार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 1 अगस्त को सुबह करीब 10 से 10:30 बजे वह तेरापंथ भवन से अपने घर की ओर जा रही थी। रास्ते में नगर पालिका के पास एक व्यक्ति ने उसे रोककर डॉक्टर के बारे में पूछा। इसी दौरान दूसरा व्यक्ति वहां आया और महिला से कहा कि उस पर महावीर स्वामी का दोष लगा हुआ है और वह इसका इलाज बता रहा है।

पीड़िता के अनुसार दोनों व्यक्तियों ने उसे अपनी बातों में उलझाकर पानी मांगा और उसके पहने हुए सोने के आभूषणों के बारे में बात करने लगे। आरोपियों ने महिला से सोने की चेन और अंगूठी उतारने को कहा और दावा किया कि वे उसे भगवान महावीर के दर्शन करवाएंगे।

इसके बाद आरोपियों ने महिला से 31 कदम ‘जय जिनेंद्र’ बोलते हुए चलने के लिए कहा। महिला ने अपनी सोने की चेन और अंगूठी उतारकर बैग में रख ली। आरोपियों ने उसे बैग नीचे रखने के लिए कहा और बताया कि धातु पास में होने पर दर्शन नहीं होंगे। महिला ने बैग नीचे रख दिया और आरोपियों के कहे अनुसार आगे चलने लगी।

जैसे ही महिला का मुंह दूसरी दिशा में हुआ, दोनों आरोपी पीछे से उसका बैग लेकर फरार हो गए। महिला ने आसपास तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। बैग में रखी सोने की चेन और अंगूठी भी आरोपी ले गए।

पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 318(4) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच एएसआई मदनलाल को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के संभावित सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Advertisement
Share: