शराब के पैसे नहीं देने पर पिता-पुत्र से मारपीट, 27 ग्राम सोने का जड़ाऊ जेवर गायब होने का आरोप
बीकानेर: गंगाशहर थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट करने और सोने का जड़ाऊ जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। परिवादी की रिपोर्ट पर गंगाशहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिवा बस्ती, घड़सीसर रोड निवासी आनंद सोनी पुत्र अशोक सोनी ने रिपोर्ट दी कि 25 जून की रात करीब 10:30 बजे वह पूनम सोनी के साथ सुनारों की गुवाड़, कोतवाली से अपनी दुकान रामदेव कॉलोनी की ओर लौट रहा था।
इसी दौरान व्यापार नगर स्थित जैन भवन के पास उसने देखा कि राजूसिंह, अजीतसिंह, विक्रमसिंह, सुमन कंवर और दुर्गा उसके पिता अशोक सोनी के साथ मारपीट कर रहे थे।
आनंद सोनी ने आरोप लगाया कि जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके दाहिने हाथ की हथेली में चोट आई। झगड़े के दौरान उसका करीब 27 ग्राम का जड़ाऊ सोने का जेवर गायब हो गया। उसने आशंका जताई कि जेवर गिर गया या आरोपियों ने निकाल लिया।
परिवादी ने बताया कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे। उसके पिता अशोक सोनी ने बताया कि आरोपियों ने घड़सीसर रोड पर उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई और कपड़े भी फाड़ दिए गए।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब आनंद सोनी और उसके पिता शिकायत दर्ज कराने थाने गए थे, उसी दौरान आरोपी उनके घर पहुंचे और उनकी दादी जेठी देवी के साथ भी मारपीट की।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।




