50 किमी दूर रेलवे ट्रैक पर मिली थी लाश! अब हत्या के आरोप में 9 लोगों पर केस दर्ज, चौंकाने वाला खुलासा
बीकानेर. गंगाशहर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। परिवादी ने आरोप लगाया है कि उसके परिजन की हत्या करने के बाद शव को घटना स्थल से करीब 50 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार परिवादी जोंराराम जाट निवासी बम्बलू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 21 मई 2026 की रात भागीरथ अपने ससुराल गांव सुरपुरा में था। आरोप है कि नाता प्रथा और 15 लाख रुपये के विवाद को लेकर आरोपियों ने पहले उसे शराब पिलाई, फिर उसके साथ मारपीट कर हत्या कर दी।
परिवादी का आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को घटना स्थल से लगभग 50 किलोमीटर दूर गंगाशहर थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के बीच डाल दिया गया, ताकि घटना आत्महत्या या रेल हादसा प्रतीत हो।
पुलिस ने इस मामले में जगदीश प्रसाद, तुलछा, महेंद्र, बाली, मुनीराम, लिछमा, हरूराम, मुलताना राम और राहूराम सहित कुल नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गंगाशहर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




