बीकानेर में पुलिस कार्रवाई का विरोध, आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश; कई लोगों पर मामला दर्ज
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में वांछित आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ विरोध और धक्का-मुक्की करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में दर्ज प्रकरण में वांछित आरोपी इंद्र विश्नोई और अजय नायक की तलाश के दौरान टीम गोपेश्वर बस्ती पहुंची थी। पुलिस को दोनों आरोपी एक मकान में मौजूद मिले।
पकड़ते ही करने लगे विरोध
रिपोर्ट के मुताबिक जैसे ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर लाने का प्रयास किया, उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, हाथ मरोड़ा और अभद्र व्यवहार किया। साथ ही वांछित आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले में पुलिस ने इंद्र विश्नोई, अजय नायक सहित अन्य लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा, पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।




