बीकानेर में दिनदहाड़े खूनी हमला! बाजार में चाट खा रहे युवक पर सरियों-रॉड से बरसाए वार, मची दहशत
बीकानेर: शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक पर धारदार हथियारों और लोहे की सरियों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बाजार में चाट खाते समय बोला हमला
जानकारी के अनुसार गौरव जोशी पुत्र सुनील जोशी अपने एक साथी के साथ गंगाशहर बाजार में चाट खा रहा था। इसी दौरान हथियारों से लैस कुछ युवक वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।
दुकान में घुसकर भी नहीं छोड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जान बचाने के लिए गौरव पास की एक दुकान में भागा, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि बदमाशों ने लोहे की रॉड और सरियों से उसके हाथ, पैर और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। बचाव के दौरान उसके हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि पैरों पर भी सरियों से हमला किया गया।
पीबीएम अस्पताल में उपचार जारी
घायल गौरव को तत्काल पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिजन और रिश्तेदार गंगाशहर थाने पहुंचकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस दबिश में जुटी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर फड़बाजार या रोशनीघर चौराहा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।




