बीकानेर में सनसनी! गोगागेट के पास कार से फेंका गया 4-5 माह का भ्रूण
बीकानेर: शहर के गोगागेट क्षेत्र में शनिवार शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात कार सवारों द्वारा करीब चार से पांच माह के मृत भ्रूण को सड़क किनारे फेंकने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार परिवादी जोगिंदरसिंह पुत्र भोपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 4 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:45 बजे वह गणेश सोलंकी के साथ अपनी दुकान के बाहर बैठे थे। इसी दौरान गंगाशहर रोड की ओर से आई सफेद रंग की ओमनी वैन में सवार अज्ञात व्यक्ति ने एक कार्टन सड़क किनारे फेंका और गोगागेट की तरफ फरार हो गया।
जब आसपास मौजूद लोगों ने कार्टन की जांच की तो उसमें करीब चार से पांच माह का मृत भ्रूण मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और भ्रूण को पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




