बीकानेर। बीकानेर में अपराधियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) और पुलिस की संयुक्त टीम ने गंगाशहर क्षेत्र में दो हिस्ट्रीशीटरों से जुड़ी 10 से अधिक अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई करीब आधे घंटे तक चली, जिसके दौरान भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा।
कार्रवाई गंगाशहर क्षेत्र में करमीसर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई, जहां सरकारी और विवादित भूमि पर बाउंड्रीवाल बनाकर लोहे के गेट लगाकर कब्जा किया गया था। प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर सभी अवैध निर्माणों को हटाया।
दो हिस्ट्रीशीटरों की संपत्तियों पर चला बुलडोजर
जानकारी के अनुसार कार्रवाई कोटगेट थाने के हिस्ट्रीशीटर आमिर खान और हसन अली से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर की गई। प्रशासन ने पहले इन अतिक्रमणों को चिन्हित किया था, जिसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर इन्हें ध्वस्त किया गया।
50 से ज्यादा मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर
आमिर खान (आमीन खान के नाम से भी जाना जाता है) कोटगेट थाना क्षेत्र का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, हथियार तस्करी समेत 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पिछले दो दशकों से उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज होते रहे हैं।
हसन अली पर भी चल रहा मामला
हसन अली के खिलाफ चार अलग-अलग मामले दर्ज हुए थे। इनमें से तीन मामलों में वह अदालत से दोषमुक्त हो चुका है, जबकि वर्ष 2017 में दर्ज आर्म्स एक्ट का मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
कार्रवाई के दौरान सीओ गंगाशहर हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में गंगाशहर, नाल सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों का पुलिस जाब्ता मौके पर मौजूद रहा। बीडीए की ओर से उपायुक्त कुणाल राहड़ और तहसीलदार आकांक्षा गोदारा ने कार्रवाई की निगरानी की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध अतिक्रमण और अपराधियों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



