23.50 लाख देकर खरीदा मकान, फिर खुला ऐसा राज… बीकानेर में पति-पत्नी पर धोखाधड़ी का केस

03 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

23.50 लाख देकर खरीदा मकान, फिर खुला ऐसा राज... बीकानेर में पति-पत्नी पर धोखाधड़ी का केस

बीकानेर: शहर के मुरलीधर व्यास नगर क्षेत्र में मकान खरीदने के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

23.50 लाख में हुआ था सौदा

पुलिस के अनुसार परिवादी सोनूराम सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने आरोपियों से 23 लाख 50 हजार रुपये में मकान खरीदा था। आरोप है कि आरोपियों ने बयाना और दस्तावेज तैयार कर मकान का कब्जा भी दे दिया, लेकिन मकान के मूल दस्तावेज नहीं सौंपे।

बैंक में गिरवी होने की बात छिपाने का आरोप

परिवादी का आरोप है कि बाद में पता चला कि संबंधित मकान पहले से ही बैंक में होम लोन के लिए गिरवी रखा गया था। आरोप है कि यह महत्वपूर्ण तथ्य जानबूझकर छिपाकर उससे लाखों रुपये लेकर धोखाधड़ी की गई।

पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मुरलीधर व्यास नगर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मनोज कुमार स्वामी और उनकी पत्नी राधा स्वामी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दस्तावेजों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share: