बीकानेर। जेएनवी कॉलोनी थाना क्षेत्र की तेजा कॉलोनी में घर में घुसकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने और ₹60 हजार ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपनी पत्नी सहित चार-पांच लोगों पर हमला कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त परिवाद के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीवार फांदकर घर में घुसे आरोपी
सागर गांव निवासी मामराज ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 22 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान एक पिकअप वाहन में सवार चार-पांच लोग उसके घर पहुंचे। इनमें सुंदरलाल और रवि को वह पहचानता है, जबकि दो-तीन अन्य लोग भी उनके साथ थे। आरोप है कि सभी आरोपी घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
ईंट, डंडों और हथियारों से किया हमला
परिवादी के अनुसार आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से ईंट, डंडों और अन्य हथियारों से हमला किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले।
बच्चों की फीस के लिए रखे ₹60 हजार ले जाने का आरोप
मामराज ने आरोप लगाया कि हमलावर घर में रखे ₹60 हजार नकद भी अपने साथ ले गए। उसके अनुसार यह राशि बच्चों की स्कूल फीस जमा कराने के लिए रखी गई थी।
पत्नी पर भी लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित ने अपनी पत्नी गंगा देवी पर आरोप लगाया कि उसने ही उसे जान से मारने की नीयत से आरोपियों को बुलाया था। हमले में घायल होने के कारण वह तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दे सका। अस्पताल से उपचार के बाद 23 जुलाई को उसने पुलिस को परिवाद देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से परिवाद मिलने के बाद जेएनवी कॉलोनी थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एएसआई विनोद कुमार को सौंपी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




