बीकानेर में मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 14 मोबाइल बरामद
बीकानेर. जेएनवीसी थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा करते हुए राह चलते लोगों के हाथों से मोबाइल छीनने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न वारदातों में छीने गए 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
महिला थाना रोड पर हुई वारदात के बाद खुला मामला
पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को परिवादी अल्ताफ हुसैन ने जेएनवीसी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 जून की सुबह करीब 9:40 बजे पवनपुरी स्थित महिला थाना रोड पर बाइक सवार दो युवक उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना जेएनवीसी में प्रकरण संख्या 225/2026 दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल राजाराम को सौंपी गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में, सहायक पुलिस अधीक्षक अनुष्ठा कालिया (आईपीएस) और जेएनवीसी थाना पुलिस की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिरों से जानकारी जुटाई और पूर्व में चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने ताराचंद और धर्मेन्द्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर शहर के विभिन्न स्थानों से छीने गए कुल 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले मोबाइल हाथ में लेकर चल रहे लोगों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही तेज रफ्तार बाइक से पहुंचकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लेते और फरार हो जाते थे। इसके बाद चोरी के मोबाइलों को ठिकाने लगाने की कोशिश करते थे।
अन्य वारदातों की भी जांच जारी
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उन्होंने बीकानेर शहर में और कितनी मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है तथा चोरी के मोबाइल किन लोगों को बेचे गए। मामले की जांच जारी है।




