शराब देने से मना करने पर सेल्समैन से मारपीट, लाठी-सरियों से हमला कर रुपए लूटने का आरोप
बीकानेर: कालू थाना क्षेत्र के गारबदेसर गांव में शराब ठेके के सेल्समैन के साथ मारपीट, लूट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर कालू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 26 जून की रात की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह गारबदेसर गांव स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। रात करीब 8 बजे ठेका बंद करने के बाद वह अपने साथी के साथ ठेके के पीछे बने बाड़े में सो गया था।
पीड़ित ने बताया कि देर रात एक व्यक्ति शराब लेने के लिए आया। ठेका बंद होने की बात कहने पर उसने धमकी दी और वहां से चला गया। इसके बाद कुछ लोग बिना नंबर की बाइक पर आए और लाठी-सरियों से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर उसकी जेब से जबरन 1500 रुपए निकाल लिए और धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले में पीड़ित के बाएं हाथ की कोहनी, बाएं पैर के घुटने और दाएं पैर के टखने पर चोटें आई हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया। घटना के बाद उसने कालू पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई।
कालू थाना पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच की जिम्मेदारी लूणकरनसर वृत्ताधिकारी आकांक्षा कुमारी RPS को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।




