बीकानेर: आपसी रंजिश के चलते दो गुटों के लोगों की कथित करतूत से करमीसर तिराहे पर एकबारगी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे की गाड़ियों को टक्कर मार रहे थे। सूचना मिलते ही नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने मौके से चार युवकों को पकड़कर थाने पहुंचाया, जबकि चार गाड़ियों को सीज कर थाने लाया गया।
करमीसर तिराहे पर मचा हंगामा
नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार के अनुसार घटना करमीसर तिराहे की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आपसी रंजिश के चलते दो गुटों के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे की गाड़ियों को टक्कर मारने लगे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
चार युवक पकड़े, चार गाड़ियां सीज
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चार युवकों को पकड़ लिया और उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल बताई जा रही चार गाड़ियों को सीज कर थाने लाया गया है।
आखिर किस बात को लेकर थी रंजिश?
फिलहाल पुलिस की पूछताछ में सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों गुटों के बीच आखिर किस बात को लेकर रंजिश चल रही थी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों पक्ष मौके पर किस उद्देश्य से पहुंचे थे और क्या किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी थी।
युवकों से डिटेल में पूछताछ
थानाधिकारी के अनुसार पकड़े गए युवकों से पूरे घटनाक्रम को लेकर विस्तार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस की कार्रवाई से टला बड़ा विवाद
समय रहते पुलिस के मौके पर पहुंचने से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल पुलिस चारों युवकों से पूछताछ और सीज की गई गाड़ियों की जांच कर रही है। पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





