बीकानेर में दिल दहला देने वाली घटना: 13 साल के मासूम ने लगाई फांसी, भाई को देख बहन ने खाया जहर
बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 13 वर्षीय एक बालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई को इस हालत में देखने के बाद उसकी 15 वर्षीय बहन ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
कोटगेट थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी के बाद 13 वर्षीय बालक ने फांसी लगा ली। भाई को इस स्थिति में देखकर उसकी बहन ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
जानकारी के अनुसार घटना के समय दोनों बच्चों के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।




