बीकानेर। शहर के कोटगेट के बाहर स्थित एक प्रतिष्ठित दुकान में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आसपास के दुकानदारों ने बुझाने का प्रयास किया
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे
समाचार लिखे जाने तक दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए थे। आग की लपटों के कारण आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चला
आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही दुकान में हुए वास्तविक नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी।






