मेयर चुनाव से पहले निगम पहुंचे अनिल कल्ला-सुरेंद्र सिंह, बीडी कल्ला के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
बीकानेर। बीकानेर नगर निगम में मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला और भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह शेखावत सोमवार को नगर निगम पहुंचे। इस दौरान दोनों प्रत्याशियों ने मीडिया से बातचीत की और चुनाव को लेकर अपनी स्थिति बताई।
कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला ने कहा कि वे मेयर चुनाव को लेकर पूरी तरह कॉन्फिडेंट और आश्वस्त हैं। परिवारवाद से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि वे पिछले 20-25 वर्षों से कांग्रेस पार्टी की सेवा कर रहे हैं।
नोटिस के सवाल पर बोले- कुछ होने वाला नहीं
अनिल कल्ला से हाल में जारी नोटिस को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि नोटिस से कुछ होने वाला नहीं है। वहीं कांग्रेस के कोर्ट जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि कोर्ट इसलिए जाना पड़ा, ताकि कांग्रेस के पार्षदों को मतदान से वंचित न रखा जाए।
सुरेंद्र सिंह ने बीडी कल्ला के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह शेखावत के नगर निगम पहुंचने पर एक अलग तस्वीर देखने को मिली। सुरेंद्र सिंह ने पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद दोनों आमने-सामने खड़े होकर काफी देर तक बातचीत करते नजर आए।
मेयर चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी तैयारियों और दावों के साथ मैदान में मौजूदगी दर्ज कराई है। अब नगर निगम में होने वाली मतदान प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।




