बीकानेर में एमडीएमए तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा, 105 ग्राम ड्रग्स के साथ 2 गिरफ्तार

24 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर. बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 105.34 ग्राम एमडीएमए के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 66,835 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल कांटा तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया है।

संगठित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का खुलासा

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा संचालित संगठित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े 18 अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है।

दो सप्लायर भी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने सप्लाई देने के आरोप में ताराचंद सारस्वत निवासी भीनासर तथा इस्लामुद्दीन काजी निवासी नागौर को राउंडअप किया है। पुलिस का कहना है कि अब तक कुल 20 लोगों से जुड़े तस्करी नेटवर्क का खुलासा हो चुका है और पूरे नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच जारी है।

ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बड़ी कार्रवाई

यह कार्रवाई एएसपी शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ एवं सहायक पुलिस अधीक्षक अनुष्ठा कालिया के निर्देशन में सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार की टीम ने अंजाम दी। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share: