पुलिस को देखते ही भागा MDMA तस्कर, स्कॉर्पियो का टायर फटा और फिर हुआ बड़ा खेल
बीकानेर। नयाशहर थाना पुलिस ने एमडीएमए तस्करी के मामले में वांछित एक बड़े तस्कर को पीछा कर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार देवकिशन टाक पुलिस की गाड़ी को देखकर स्कॉर्पियो से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया। इसी दौरान नत्थूसर गेट के पास स्कॉर्पियो एक पत्थर से टकरा गई और उसका टायर फट गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर देवकिशन और उसके साथी सोनू को पकड़ लिया।
पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो भगाने लगा तस्कर
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम सूचना मिली थी कि एमडीएमए तस्करी के मामलों में वांछित देवकिशन टाक स्कॉर्पियो गाड़ी में वाल्मीकि चौराहा के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर नयाशहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही देवकिशन और उसका साथी सोनू स्कॉर्पियो लेकर वहां से भागने लगे।
इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया। स्कॉर्पियो वाल्मीकि चौराहा से विश्वकर्मा गेट, धर्मनगर द्वार, बेसिक कॉलेज, एमएम स्कूल होते हुए नत्थूसर गेट की तरफ पहुंची। इसी दौरान गाड़ी एक पत्थर से टकरा गई और उसका टायर फट गया।
घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा
स्कॉर्पियो का टायर फटने के बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम ने गाड़ी में सवार देवकिशन टाक और उसके साथी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त कर ली है।
MDMA तस्करी के दो मामलों में वांछित था देवकिशन
नयाशहर थाना प्रभारी सुरजीत कुमार ने बताया कि देवकिशन एमडीएमए का बड़ा तस्कर है और एनडीपीएस के दो मामलों में वांछित चल रहा था। नयाशहर थाना पुलिस ने जुलाई माह में एमडीएमए बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज किए थे। पुलिस जांच में इन मामलों में देवकिशन द्वारा एमडीएमए सप्लाई किए जाने की बात सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार देवकिशन नत्थूसर बास स्थित विवेक बाल निकेतन स्कूल के सामने रहता है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद देवकिशन को संबंधित मामले की जांच कर रहे कोतवाली थाने के सी रतनाराम को सौंप दिया गया है।
साथी सोनू शांति भंग में गिरफ्तार
देवकिशन के साथ पकड़े गए सोनू को पुलिस ने शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। देवकिशन से पूछताछ के दौरान एमडीएमए की सप्लाई और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।
पुलिस ने फायरिंग की घटना से किया इनकार
तस्करों का पीछा किए जाने के दौरान फायरिंग किए जाने की भी चर्चा सामने आई थी। हालांकि, पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान ऐसी कोई फायरिंग नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस देवकिशन से पूछताछ के आधार पर एमडीएमए तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।




