MRP से ज्यादा कीमत पर सामान बेचना पड़ा भारी! बीकानेर में 2 प्रतिष्ठानों पर हजारो का जुर्माना

24 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। अधिकतम खुदरा मूल्य यानी MRP से ज्यादा कीमत पर पैक्ड सामान बेचना बीकानेर में दो प्रतिष्ठानों को भारी पड़ गया। उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के दौरान दो प्रतिष्ठानों पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने के बाद कुल 8 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। साथ ही दोनों को सुधार नोटिस जारी कर भविष्य में सामान MRP से अधिक कीमत पर नहीं बेचने के निर्देश दिए गए।

Advertisement

6 प्रतिष्ठानों का किया गया औचक निरीक्षण

विधिक माप विज्ञान अधिनियम-2009 तथा राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम-2011 के तहत जिले में अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान चलाया गया। विधिक माप विज्ञान अधिकारी दीपक पूनिया के नेतृत्व में विभागीय जांच दल ने कुल 6 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

MRP से ज्यादा कीमत पर सामान बेचते मिले 2 प्रतिष्ठान

निरीक्षण के दौरान सुंदर रेस्टोरेंट एंड कैंटीन, बीकानेर टेक्निकल यूनिवर्सिटी कैंपस तथा रोडवेज बस स्टैंड दुकान नंबर 14 पर डिब्बाबंद वस्तुएं अधिकतम खुदरा मूल्य से ज्यादा कीमत पर बेची जाना पाया गया।

नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 8 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही सुधार नोटिस जारी कर प्रतिष्ठान संचालकों को पैक्ड वस्तुओं की बिक्री निर्धारित MRP पर ही करने के लिए पाबंद किया गया।

इन प्रतिष्ठानों पर नहीं मिला नियमों का उल्लंघन

जांच के दौरान राधे स्वीट्स, राठी पेट्रोल पंप के सामने तथा रोडवेज बस स्टैंड दुकान नंबर 1 पर सामान निर्धारित MRP पर बेचा जाना पाया गया। इन प्रतिष्ठानों पर इस संबंध में कोई अनियमितता नहीं मिली।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

विधिक माप विज्ञान अधिकारी दीपक पूनिया ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना और आमजन को MRP के संबंध में जागरूक करना है। दुकानदारों और व्यापारियों को भी पैक्ड वस्तुएं अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक कीमत पर नहीं बेचने के लिए पाबंद किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी जिले में नियमित रूप से निरीक्षण और जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share: