घर से जेवर-नकदी चोरी, पड़ोस की महिला पर आरोप
बीकानेर। मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र के उन मंडी के पीछे बंगलानगर में घर से जेवरात और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवादी पठान खां पुत्र अहमद खां ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में कोई नहीं था, ताला खोलकर चोरी का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार 1 सितंबर को परिवादी सुबह करीब 6 बजे पशुचारे की पिकअप लेकर काम पर चला गया था। उसका बेटा भी मजदूरी के लिए बाहर चला गया, जबकि उसकी पत्नी करीब 10 बजे काम पर गई थी। परिवादी का आरोप है कि इसी दौरान घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाली फरजाना ने कमरे का ताला खोलकर लोहे की अलमारी से सामान चोरी कर लिया।
चांदी और सोने के जेवर समेत 30 हजार नकद
परिवादी के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब 500 ग्राम चांदी की एक पायजेब, करीब 250 ग्राम चांदी की दूसरी पायजेब, एक नई चांदी की पायजेब, दो सोने की अंगूठियां, दो सोने की तख्तियां, एक जोड़ी सोने की मच्छी, एक सोने का मंगलसूत्र, एक चांदी की चेन और 30 हजार रुपए नकद शामिल हैं।
परिवादी ने पुलिस से चोरी हुए जेवरात और नकदी बरामद कराने की मांग की है। मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेन्द्र कुमार को सौंपी है। पुलिस आरोपों की जांच के साथ चोरी हुए सामान और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।






