बीकानेर नगर निगम चुनाव: मंगलवार को रवाना होंगे 448 मतदान दल, 9 सितंबर को वोटिंग
बीकानेर: बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने सोमवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर मतदान दलों की रवानगी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पहले चरण में बीकानेर नगर के लिए मतदान दलों की रवानगी मंगलवार को होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रवानगी से पहले सभी मतदान कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों के प्रशिक्षण और रवानगी की पूरी प्रक्रिया निर्बाध तरीके से संपन्न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए।
448 मतदान दल होंगे रवाना
पहले चरण के लिए कुल 448 मतदान दलों की रवानगी होगी। प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी के साथ मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय सहित कुल चार कार्मिक शामिल किए गए हैं।
मतदान दलों की रवानगी से पहले प्रशिक्षण और मतदान सामग्री वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से मतदान दलों के लिए बैठक, परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
9 सितंबर को 448 मतदान केंद्रों पर मतदान
बीकानेर नगर निगम सदस्यों के लिए मतदान 9 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। पहले चरण में 448 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को लेकर प्रशासन ने मतदान केंद्रों तक मतदान दलों को समय पर पहुंचाने की तैयारियां की हैं।
ईवीएम और मतदान सामग्री वितरण की तैयारियां
जिला निर्वाचन अधिकारी ने रवानगी स्थल पर मतदान दलों के कार्मिकों की बैठक व्यवस्था, मतदान सामग्री और ईवीएम वितरण, परिवहन व्यवस्था के साथ पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण से जुड़ी सभी तैयारियों को निर्धारित समय के अनुसार पूरा किया जा रहा है।
बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव और सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ प्रभारी हेमेन्द्र नागर ने प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में जिला निर्वाचन अधिकारी को जानकारी दी।
अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
निरीक्षण के दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, जिला निर्वाचन कार्यालय में विशेषाधिकारी स्वाति शर्मा, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का फोकस मतदान दलों के प्रशिक्षण, सामग्री वितरण और रवानगी की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर है, ताकि 9 सितंबर को होने वाला मतदान सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।





