बीकानेर नगर निगम चुनाव: BJP में टिकट की दौड़ शुरू! 80 वार्डों के लिए आज से आवेदन

20 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: नगर निगम बीकानेर के आगामी निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा शहर जिला बीकानेर ने नगर निगम के सभी 80 वार्डों के संभावित प्रत्याशियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी की ओर से आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराने और जमा करने को लेकर पूरा कार्यक्रम जारी किया गया है।

Advertisement

20 अगस्त से मिलेंगे आवेदन फॉर्म

भाजपा शहर जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने बताया कि संभावित प्रत्याशियों के लिए आवेदन फॉर्म 20 अगस्त को दोपहर 3 बजे के बाद भारतीय जनता पार्टी संभाग कार्यालय, बीकानेर में उपलब्ध रहेंगे।

21 अगस्त से रोजाना इस समय मिलेंगे फॉर्म

मीडिया संयोजक कमल गहलोत के अनुसार 21 अगस्त से आवेदन फॉर्म प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक पार्टी कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा, श्याम सिंह हाडला और राजेंद्र पंवार कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।

पार्टी कार्यालय से ही लेना होगा अधिकृत फॉर्म

निकाय चुनाव प्रभारी ओम सारस्वत ने इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे केवल पार्टी कार्यालय से अधिकृत रूप से प्राप्त आवेदन फॉर्म ही लें। आवेदन फॉर्म संबंधित मंडल अध्यक्ष के माध्यम से विधिवत दर्ज करवाकर पार्टी कार्यालय में जमा कराना होगा।

दूसरे माध्यम से आया फॉर्म नहीं होगा मान्य

भाजपा ने स्पष्ट किया है कि पार्टी कार्यालय के अलावा किसी अन्य माध्यम से प्राप्त या प्रस्तुत किए गए आवेदन फॉर्म मान्य नहीं होंगे। ऐसे में टिकट के इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया के दौरान पार्टी द्वारा तय नियमों का पालन करना होगा।

टिकट के दावेदारों की बढ़ेगी हलचल

80 वार्डों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही भाजपा में पार्षद पद के संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। अब पार्टी के सामने विभिन्न वार्डों से आने वाले आवेदनों में से मजबूत उम्मीदवारों के चयन की चुनौती होगी।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष दीपक पारीक, सरिता नाहटा, जिला मंत्री विनोद करोल, झमकू देवी, रमजान अब्बासी, रामकुमार व्यास, मंडल अध्यक्ष देवरूप सिंह सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में भाजपा के टिकट के लिए कौन-कौन दावेदारी पेश करता है और पार्टी किन चेहरों पर भरोसा जताती है, इस पर अब सभी की नजर रहेगी।

Share: