बीकानेर में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 84.810 किलो डोडा पोस्त मामले में था फरार

19 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 84.810 किलो डोडा पोस्त मामले में था फरार

बीकानेर। नयाशहर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन साल से फरार चल रहे एनडीपीएस एक्ट के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था।

कार से बरामद हुआ था 84.810 किलो डोडा पोस्त

पुलिस के अनुसार 24 अप्रैल 2023 को तत्कालीन थानाधिकारी वेदपाल शिवराण के नेतृत्व में रामपुरा बस्ती की गली नंबर 17 में कार्रवाई की गई थी। इस दौरान होंडा सिटी कार से 84 किलो 810 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच कोटगेट थाना पुलिस को सौंपी गई थी।

अनुसंधान के दौरान सुनील कुमार पुत्र प्रहलादराम बिश्नोई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। वहीं सुनील पुत्र चैनाराम और पूर्णाराम उर्फ पुनम पुत्र गंगाराम के खिलाफ अनुसंधान लंबित रखा गया था। दोनों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा

पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और नगर वृताधिकारी अनुज डाल के सुपरविजन में नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने मुखबिरों से सूचना जुटाने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपए के इनामी आरोपी पूर्णाराम उर्फ पुनम (41) पुत्र गंगाराम बिश्नोई, निवासी वार्ड नंबर 2, कुदसू, थाना पांचू, जिला बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी से एनडीपीएस प्रकरण को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मादक पदार्थ की सप्लाई और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार, अजय कुमार, कौशल्या, प्रदीप कुमार और भवानी सिंह शामिल रहे।

Share: