Bikaner News: 4 साल पहले खोए मोबाइल भी मिले, पुलिस ने लौटाए 100 फोन
बीकानेर. बीकानेर रेंज पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मात्र 30 दिनों में 100 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 25.30 लाख रुपये बताई गई है।
सीईआईआर पोर्टल से मिली बड़ी सफलता
महा निरीक्षक पुलिस (आईजी) ओम प्रकाश (आईपीएस) के निर्देशन में बीकानेर रेंज कार्यालय की सोशल मीडिया सेल ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से यह कार्रवाई की। अभियान के तहत बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस किए गए।
तीन दिन से लेकर चार साल पहले तक गुम हुए थे मोबाइल
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइलों में ऐसे फोन भी शामिल हैं, जो तीन दिन पहले गुम हुए थे, जबकि कुछ मोबाइल चार वर्ष पहले खो गए थे। तकनीकी सहायता और सीईआईआर पोर्टल की मदद से सभी मोबाइल ट्रेस कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाए गए।
आईजी ने सौंपे मोबाइल
मंगलवार को बीकानेर रेंज कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आईजी ओम प्रकाश ने बरामद 100 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस की आमजन से अपील
बीकानेर रेंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो तुरंत CEIR Portal पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने के साथ-साथ उसे ट्रेस कर बरामद करने में आसानी होती है।




