Bikaner News: ‘मैं सीओ हूं, नोट चेक करवाओ’... किसान को झांसे में लेकर 75 हजार रुपए लेकर फरार हुए ठग
Bikaner News: बीकानेर में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी करने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बीछवाल थाना क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड के सामने दो शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग किसान को अपने जाल में फंसाकर 75 हजार रुपए ठग लिए। घटना के बाद पीड़ित किसान को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
जानकारी के अनुसार बज्जू क्षेत्र के गज्जेवाला निवासी ईश्वरराम खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं। किसान अपनी फसल बेचकर मिले 75 हजार रुपए लेकर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए एक युवक ने खुद को पुलिस विभाग का सीओ बताते हुए किसान को रोक लिया। आरोपी ने कहा कि हाल ही में पुलिस ने तीन लाख रुपए के नकली नोट पकड़े हैं और उसके पास मौजूद नकदी की भी जांच करनी होगी।
बुजुर्ग किसान आरोपी की बातों में आ गया और उसने अपने रुपए जांच के लिए दे दिए। इसी दौरान दूसरा व्यक्ति भी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा, जो ठगों का ही साथी था। फर्जी अधिकारी ने उससे भी पूछताछ शुरू कर दी और पूछा कि उसके पास कितने पैसे हैं। साथी ने अपनी जेब से नकदी निकालकर दिखाई, जिससे किसान को पूरा विश्वास हो गया कि सामने खड़ा व्यक्ति वास्तव में पुलिस अधिकारी है।
ठगों ने चालाकी से किसान के असली रुपए बदल दिए और लिफाफे में कागज की कटिंग रखकर उसे वापस थमा दी। किसान ने मौके पर लिफाफा नहीं खोला और घर पहुंच गया। जब उसने लिफाफा खोला तो उसमें रुपए की जगह केवल कागज के टुकड़े मिले। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
घटना के बाद पीड़ित किसान ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ठगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित ठगी का प्रतीत हो रहा है, जिसमें शातिर बदमाशों ने पुलिस अधिकारी बनकर वारदात को अंजाम दिया।




