बीकानेर में महिला को वैन में डालकर ले जाने की कोशिश! कोर्ट के आदेश पर 5 नामजद पर केस
Bikaner News: गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक महिला को कथित रूप से जबरन वैन में बैठाकर ले जाने के प्रयास के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-4, बीकानेर के आदेश पर नोखा निवासी संगीता भार्गव की ओर से पेश इस्तगासे के आधार पर लाला भार्गव, परमेश्वर भार्गव, रामलाल भार्गव, मन्नु भार्गव, राजू भार्गव तथा दो-तीन अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि 5 मई की सुबह वह अपने पीहर गंगाशहर स्थित चौधरी कॉलोनी से पति के साथ ससुराल लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी मारुति वैन में पहुंचे और उसके व उसके पति के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। आरोप है कि परिजनों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके माता-पिता और छोटी बहन के साथ भी धक्का-मुक्की की, गालियां दीं तथा डंडे और सरिए दिखाकर धमकाया। शिकायत के अनुसार आरोपी बस स्टैंड तक पहुंचे और बस में सवार होने के बाद भी भामटसर तक उनका पीछा करते रहे।
परिवाद में यह भी बताया गया है कि पहले दोनों परिवारों के बीच वैवाहिक रिश्ता तय हुआ था, जिसे बाद में तोड़ दिया गया। इसी रंजिश के चलते आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।
गंगाशहर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




