Bikaner News: फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचने का बड़ा खेल, बीकानेर में 8 लोगों पर केस दर्ज
आपणी आवाज़: Bikaner News~जामसर थाना क्षेत्र में जमीन से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि का सौदा करने, धोखाधड़ी करने और परिवादियों को जमीन खाली कराने के लिए धमकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कुल आठ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में चार लोगों पर आरोप
पहले मामले में रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र निवासी अरविंद शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनकी खरीदी हुई भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने जमीन खाली कराने के लिए उन्हें डराया-धमकाया।
इस मामले में पुलिस ने मांगीलाल, आशा देवी, भगवानाराम और गंगाराम को नामजद आरोपी बनाया है।
दूसरे मामले में भी फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचने का आरोप
दूसरे मामले में हरियाणा के जींद स्थित अर्बन एस्टेट निवासी विक्रम श्योकंद ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी खरीदी गई भूमि के भी फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में उन्हें भी जमीन खाली करने के लिए धमकियां दी गईं।
इस प्रकरण में लिछमणराम, कावरी देवी, भगवानाराम और मोहनलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
2015 से 2023 के बीच किया गया कथित खेल
दोनों मामलों में आरोप है कि वर्ष 2015 से 2023 के बीच फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों का अवैध तरीके से सौदा किया गया। शिकायत मिलने के बाद जामसर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस का कहना है कि मामले में दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




