Bikaner News: मंत्री के कार्यक्रम में हंगामा, विधायक की फोटो गायब होने पर कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
बीकानेर. कोलायत पंचायत समिति परिसर में मंगलवार को आयोजित लाभार्थी सम्मेलन एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक विवाद सामने आया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा की मौजूदगी में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कार्यक्रम के बैनर में क्षेत्रीय विधायक अंशुमान सिंह भाटी का फोटो नहीं होने तथा उनकी अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जताई।
मंत्री के सामने जताई आपत्ति
कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही कार्यकर्ताओं ने मंत्री सुमित गोदारा के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि की उपेक्षा स्थानीय जनता की भावनाओं के विपरीत है। उन्होंने इस संबंध में जवाब भी मांगा।
मंत्री ने दिया समाधान का आश्वासन
स्थिति को देखते हुए मंत्री सुमित गोदारा स्वयं कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और उनकी बात सुनी। उन्होंने सभी मुद्दों पर सकारात्मक विचार करने तथा उचित समाधान का आश्वासन दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी पर भी उठे सवाल
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की अपेक्षा कांग्रेस से जुड़े लोगों, ब्लॉक पदाधिकारियों एवं बाहरी व्यक्तियों की अधिक भागीदारी रही, जिससे स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में असंतोष पैदा हुआ।
ग्रामीण सेवा शिविर प्रभावित होने का आरोप
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पंचायत समिति में कार्यक्रम आयोजित होने के कारण अधिकांश विभागीय अधिकारी मुख्यालय में व्यस्त रहे। इससे गांवों में चल रहे ग्रामीण सेवा शिविर प्रभावित हुए और अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे कई ग्रामीणों को निराश होकर लौटना पड़ा।
लोकतांत्रिक तरीके से रखी बात
कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की भावनाओं, निर्वाचित जनप्रतिनिधि के सम्मान और विकास कार्यों को गति देने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना है।




