Bikaner News: गैस सिलेंडर लेने जा रहे दो युवकों को पिकअप ने मारी टक्कर, एक की मौके पर मौत
बीकानेर. लूणकरणसर थाना क्षेत्र के रोझा गांव के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और सामाजिक संस्था टाइगर फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
गैस सिलेंडर लेने जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार राकेश पुत्र सागर मेघवाल और धर्मपाल पुत्र रामस्वरूप बिश्नोई बाइक पर गैस सिलेंडर लेने के लिए लूणकरणसर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
एक युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल
हादसा इतना भीषण था कि राकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं धर्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
टाइगर फोर्स ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही सामाजिक संस्था टाइगर फोर्स की टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और घायल धर्मपाल को उपचार के लिए लूणकरणसर उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
लूणकरणसर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




