Bikaner News: नेशनल हाईवे-11 पर स्लीपर बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
बीकानेर. श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सेरूणा थाना इलाके में नेशनल हाईवे-11 पर सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बीकानेर से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मरुधर फिलिंग स्टेशन के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे सेरूणा थाना क्षेत्र स्थित मरुधर फिलिंग स्टेशन के पास हुआ। तेज रफ्तार स्लीपर बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बस को किया जब्त
हादसे की सूचना मिलते ही सेरूणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को 108 एंबुलेंस की सहायता से श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा दुर्घटनाग्रस्त स्लीपर बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
अलवर का रहने वाला था मृतक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दुर्घटना के कारणों की जांच जारी
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना कैसे हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।




