NH-62 पर कार डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत; एक गंभीर

23 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

NH-62 पर कार डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत; एक गंभीर

बीकानेर। खरनाल दर्शन के लिए बीकानेर से रवाना हुए युवकों की कार नोखा से आगे NH-62 पर डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में साधासर निवासी सुनील जाट की मौत हो गई, जबकि मोडाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम ट्रोमा सेंटर रेफर किया गया।

पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार 21 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे सुनील पुत्र फूसाराम जाट, मोडाराम पुत्र परमानाराम जाट निवासी सुरतसिंहपुरा और दो-तीन अन्य लोग कार नंबर RJ-21-TA-2346 से बीकानेर के डीमार्ट-हल्दीराम प्याऊ के पास से खरनाल दर्शन के लिए रवाना हुए थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, यात्रा के दौरान कार चालक को तेज गति और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद नोखा से आगे NH-62 स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर शाम करीब 4 से 4:30 बजे कार में तेल भरवाने के बाद वे खरनाल के लिए रवाना हुए।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार पेट्रोल पंप से कुछ दूरी आगे कार चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क के डिवाइडर से कार टकरा दी। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। मोडाराम और अन्य लोग उन्हें राजकीय बागड़ी जिला अस्पताल, नोखा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सुनील को मृत घोषित कर दिया।

वहीं हादसे में घायल मोडाराम को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम ट्रोमा सेंटर रेफर किया गया। हादसे की सूचना मोडाराम ने फोन के जरिए परिजनों को दी।

मामले में परिवादी रामदेव पुत्र हरजीराम जाट निवासी साधासर ने 22 सितंबर को नोखा थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Share: