गजनेर में डंपर से कुचलकर हत्या, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

23 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

गजनेर में डंपर से कुचलकर हत्या, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

गजनेर। गजनेर थाना पुलिस ने डंपर से कुचलकर एक व्यक्ति की हत्या और उसकी पत्नी व बेटे की हत्या के प्रयास के मामले का 24 घंटे में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंपर भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को सूरजड़ा निवासी जेठाराम पुत्र पूनमाराम मेघवाल ने गजनेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे उसकी 15-16 बकरियां खेत के बाहर चर रही थीं। इसी दौरान डेह निवासी बाबूलाल पुत्र फताराम उर्फ किसनाराम नायक उन्हें रोककर ले जाने लगा। जेठाराम के पिता पूनमाराम और खेत मालिक सुरेंद्र कुमार ने उसे टोका तो आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। पुलिस के अनुसार जल्दबाजी में उसका मोबाइल फोन मौके पर गिर गया था।

पुलिस के अनुसार इसी रंजिश को लेकर 21 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे आरोपी डंपर लेकर शरह किशनायत स्थित ढाणी पहुंचा। आरोप है कि उसने चारपाई पर सो रहे पूनमाराम और उनकी पत्नी पूनम देवी के ऊपर डंपर चढ़ा दिया। हादसे में पूनमाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने ढाणी के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल डंपर के चेसिस में फंस गई और करीब 250 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

रिपोर्ट के अनुसार घायल मां के उपचार के लिए वाहन की व्यवस्था करने जेठाराम राष्ट्रीय राजमार्ग-11 की ओर गया था। इसी दौरान आरोपी डेह की तरफ से डंपर लेकर वापस आया और जेठाराम पर भी डंपर चढ़ाने का प्रयास किया। जेठाराम समय रहते कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।

एफएसएल और एमओबी टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाया। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाने के साथ वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया। वारदात में इस्तेमाल डंपर को भी कब्जे में लेकर उससे आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाली

पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों की सूचना और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की। पुलिस ने वारदात के करीब 24 घंटे के भीतर डेह निवासी बाबूलाल पुत्र फताराम उर्फ किसनाराम नायक, उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। डंपर भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

आरोपी से पूछताछ जारी

फिलहाल पुलिस आरोपी से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी की कार्रवाई में थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार, कांस्टेबल कालूराम, जोगाराम और चालक कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।

Share: