बीकानेर में डेढ़ महीने से बह रहा गंदा पानी! शिकायतों के बाद भी नहीं जागा सिस्टम, अब आंदोलन की चेतावनी

03 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में डेढ़ महीने से बह रहा गंदा पानी! शिकायतों के बाद भी नहीं जागा सिस्टम, अब आंदोलन की चेतावनी

बीकानेर: राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर कल्ला पेट्रोल पंप के पास पिछले करीब डेढ़ महीने से सिवरेज का गंदा पानी सड़क किनारे जमा होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे फैले गंदे पानी से पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है।

Advertisement

एक किलोमीटर तक बदबू, लोगों का निकलना हुआ मुश्किल

स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदे पानी के कारण करीब एक किलोमीटर तक इतनी तेज बदबू रहती है कि वहां कुछ देर खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के निवासियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

नगर निगम पर लापरवाही का आरोप

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम में कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं किया गया। न सिवरेज लाइन की मरम्मत हुई और न ही गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था की गई।

विधायक को भी कराया अवगत

लोगों का कहना है कि स्थानीय विधायक को भी कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया है। उनका नियमित आवागमन भी इसी मार्ग से होता है, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

आंदोलन की चेतावनी

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सिवरेज समस्या का स्थायी समाधान करने, गंदे पानी की तत्काल निकासी करवाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Advertisement
Share: