बीकानेर में रिश्तों का कत्ल! बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता की बेरहमी से हत्या की, एक हफ्ते में दूसरी सनसनीखेज वारदात
बीकानेर। नोखा उपखंड क्षेत्र में हत्या की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक सप्ताह के भीतर दूसरी हत्या की घटना सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ताजा मामला पांचू थाना क्षेत्र के जांगलू गांव का है, जहां एक युवक पर अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार देर रात जांगलू गांव की एक ढाणी में 50 वर्षीय गंगाविशन बिश्नोई और उसके बेटे राजाराम बिश्नोई के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में बेटे ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर चोटों के कारण गंगाविशन की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ जरनैल सिंह और पांचू थानाधिकारी अरविंद ईश्वर जांगिड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी राजाराम बिश्नोई को राउंडअप कर लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पांचू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मामले की जांच जारी है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि पांच दिन पहले ही नोखा के पंचारिया चौक में भाई द्वारा भाई की हत्या की घटना सामने आई थी। एक सप्ताह में दूसरी हत्या की वारदात ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




