नोखा-नागौर जाने वाली बसें अब इस रास्ते से निकलेंगी

19 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में बसों का रूट बदलने की तैयारी! नोखा-नागौर जाने वाली बसें अब इस रास्ते से निकलेंगी, 23 अगस्त तक मौका

बीकानेर। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नोखा-नागौर जाने और आने वाली बसों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव के अनुसार इन बसों को रानी बाजार रोड नंबर-5 से जैन कॉलेज चौराहा होते हुए नोखा रोड की ओर संचालित किया जाएगा।

Advertisement

यातायात शाखा के प्रभारी पुलिस निरीक्षक श्री कानाराम ने बताया कि रानी बाजार, गोगागेट और गंगाशहर रोड पर यातायात का दबाव कम करने तथा रानी बाजार क्षेत्र में बार-बार लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से यह प्रस्ताव तैयार किया गया है।

नोखा-नागौर जाने वाली बसों का बदलेगा रास्ता

प्रस्ताव के तहत बीकानेर से नोखा-नागौर जाने वाली बसों और अन्य मध्यम-भारी वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से चौपड़ा कटला, रानी बाजार रोड नंबर-5, सिनेमेजिक और जैन कॉलेज चौराहा होते हुए नोखा रोड की ओर निकाला जाएगा।

इसी प्रकार नोखा-नागौर की ओर से आने वाले बसों एवं मध्यम-भारी वाहनों के लिए भी रानी बाजार रोड नंबर-5 से जैन कॉलेज चौराहा होते हुए मार्ग निर्धारित करने का प्रस्ताव है।

छोटे वाहनों के लिए अलग रूट

प्रस्ताव के अनुसार मध्यम एवं हल्के चार पहिया वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से मिलन स्वीट मोड़, अपेक्स हॉस्पिटल, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल होते हुए गंगाशहर रोड की तरफ निकाला जाएगा।

जाम से राहत मिलने की उम्मीद

यातायात शाखा का मानना है कि बसों और भारी वाहनों के रूट में बदलाव से रानी बाजार, गोगागेट, गंगाशहर रोड और हॉस्पिटल रोड पर यातायात का दबाव कम हो सकता है। इससे इन इलाकों में बार-बार लगने वाले जाम से आमजन और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

नए प्रस्ताव के लागू होने से रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल पर भी यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाने में मदद मिलने की संभावना है।

23 अगस्त तक दे सकते हैं आपत्ति और सुझाव

यातायात शाखा ने इस प्रस्ताव को लेकर आमजन से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए हैं। यदि किसी व्यक्ति को प्रस्तावित रूट को लेकर कोई आपत्ति या सुझाव है तो वह 23 अगस्त 2026 तक यातायात शाखा, बीकानेर में लिखित रूप से अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है।

फिलहाल यह रूट बदलाव प्रस्ताव के स्तर पर है। आमजन से प्राप्त आपत्तियों और सुझावों के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।

Advertisement
Share: