बीकानेर। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर मंगलवार को बीकानेर में एनएसयूआई के नेतृत्व में छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरीराम गोदारा की अगुवाई में बड़ी संख्या में छात्र डूंगर कॉलेज के सामने एकत्र हुए और हाईवे जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
हाईवे जाम के दौरान पुलिस-छात्रों में धक्का-मुक्की
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हाईवे पर यातायात बाधित होने के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और आवागमन सुचारू कराया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद छात्र और अधिक आक्रोशित हो गए तथा मौके पर ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एनएसयूआई ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरीराम गोदारा ने कहा कि सरकार को छात्रसंघ चुनाव हर हाल में बहाल करने होंगे। उनका कहना था कि छात्र राजनीति युवाओं को लोकतांत्रिक नेतृत्व का पहला मंच प्रदान करती है और प्रदेश के कई बड़े नेता छात्र राजनीति से निकलकर विधानसभा तक पहुंचे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस के माध्यम से छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे एनएसयूआई किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
गोदारा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो एनएसयूआई प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।




