बीकानेर में 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 5.98 ग्राम MDMA सप्लाई मामले में था फरार
बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिला स्पेशल टीम (DST) और सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी शब्बीर अली उर्फ खेरू को गिरफ्तार किया है।
5.98 ग्राम MDMA बरामद होने के बाद सामने आया नाम
पुलिस के अनुसार 10 जून को बीछवाल थाना पुलिस ने आरोपी शहजाद को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 5.98 ग्राम अवैध MDMA बरामद की गई थी। पूछताछ में शहजाद ने पुलिस को बताया कि उसने यह मादक पदार्थ शब्बीर अली उर्फ खेरू से खरीदा था। इसके बाद मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान शब्बीर अली उर्फ खेरू का नाम कथित तौर पर मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले व्यक्ति के रूप में सामने आया। पुलिस के अनुसार वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर बीकानेर पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत दबोचा
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शब्बीर अली उर्फ खेरू पुत्र इनायत अली, निवासी 38 कनासियों की गली, भुट्टा बास, बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से MDMA की खरीद-फरोख्त और मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
डीएसटी और सदर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृत्ताधिकारी सदर आकांक्षा कुमारी के सुपरविजन में डीएसटी बीकानेर और सदर थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई में थानाधिकारी रमेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, रामकरण सिंह, वासुदेव, करणपाल, देवेंद्र, राजेंद्र, शब्दल अली और गिरधर दान शामिल रहे।




