बीकानेर पंचायत चुनाव: गणपतसिंहपुरा के पोलिंग बूथ पर गेट बंद होने से हंगामा, ग्रामीणों ने दिया धरना
बीकानेर। पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान बीकानेर जिले की बज्जू खालसा पंचायत समिति के गणपतसिंहपुरा स्थित 4 MM पोलिंग बूथ पर मुख्य गेट बंद होने को लेकर विवाद हो गया। मतदान केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बंद गेट के सामने धरना शुरू कर दिया और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।
निजी जगह पर गेट बनाने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि निजी जगह पर मनमर्जी से गेट बनाया गया है, जिससे मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि रास्ते की समस्या के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन और चुनाव अधिकारियों से हस्तक्षेप कर मुख्य गेट खुलवाने तथा मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए उचित रास्ता सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि रास्ते की समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए, ताकि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित न रहे।
एसडीएम बोले—मतदान में नहीं आएगी परेशानी
मामले को लेकर बज्जू एसडीएम ने कहा कि इस द्वार पर मतदान करने में कोई परेशानी नहीं आएगी। वहीं, ग्रामीण रास्ते की समस्या को लेकर अपनी मांग पर अड़े रहे।
मतदान केंद्र तक पहुंचने के रास्ते को लेकर उठे इस विवाद के बीच ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने और मतदाताओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।
Aapni Awaj | बीकानेर






