बीकानेर में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए 382 मतदान दल रवाना, 28 अक्टूबर को मतदान
बीकानेर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण के मतदान के लिए मंगलवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद 382 मतदान दल राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना हुए। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतदान दलों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
आयोग के निर्देशों की पालना के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने मतदान कार्मिकों से पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें, इसके लिए सभी कार्मिक प्रतिबद्धता से कार्य करें।
उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित सक्षम अधिकारी से तत्काल संपर्क करने और पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
पांच पंचायत समिति क्षेत्रों में होगा मतदान
दूसरे चरण में बज्जू खालसा, कोलायत, हदां, बीकानेर और बीठनोक पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान होगा। इन क्षेत्रों में जिला परिषद के 11 और पंचायत समिति के 81 सदस्यों के निर्वाचन के लिए बुधवार, 28 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
दूसरे चरण में जिले के 137 ग्राम पंचायत क्षेत्रों में कुल 382 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मतदान दलों को निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पंच-सरपंच चुनाव का कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 29 अक्टूबर को पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। इसके बाद 30 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। 31 अक्टूबर को उप सरपंच पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होगी।
मतदान दलों में पांच कार्मिक
प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी (पीआरओ) और चार मतदान अधिकारी (पीओ) नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए एक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने सभी कार्मिकों को निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण और रवानगी के दौरान अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुडे नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की विशेषाधिकारी स्वाति शर्मा, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी पंकज शर्मा सहित पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी मौजूद रहे।
Aapni Awaj | बीकानेर






