बीकानेर के पांचू में सीवरेज निर्माण को लेकर हंगामा
बीकानेर. जिले के पांचू क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाने को लेकर विवाद गहरा गया। निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए चार ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
टंकी पर चढ़े ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय सरपंच की ओर से सीवरेज लाइन गलत तरीके से बिछवाई जा रही है। साथ ही निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
समझाइश के बावजूद नहीं उतरे नीचे
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने टंकी पर चढ़े ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर पांचू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने और पूरे मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।




