बीकानेर में प्लॉट विवाद: घर में घुसे हथियारबंद लोग, परिवार को दी धमकी
बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र की वैद्य मघाराम कॉलोनी में प्लॉट विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट के प्रयास और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भगवानाराम डूडी ने नयाशहर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, भगवानाराम ने फरवरी 2026 में अपने मकान के पास स्थित एक प्लॉट खरीदा था। इसी प्लॉट को लेकर सुरेश विश्नोई और मुकेश विश्नोई से विवाद चल रहा है।
आरोप है कि 23 सितंबर की रात करीब 8:30 से 9:15 बजे के बीच सुरेश विश्नोई और मुकेश विश्नोई 4-5 अन्य लोगों के साथ हथियार लेकर उनके घर के बाहर पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज और हंगामा किया।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी घर का गेट खोलकर अंदर घुस गए। घर में मौजूद महिलाओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। हंगामा होने पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
भगवानाराम ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने प्लॉट खाली नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने के साथ अपने और परिवार के जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की है।
नयाशहर थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।







