बीकानेर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में लाखों की धोखाधड़ी का आरोप, फर्जी दस्तावेजों से बीमा राशि हड़पने का मामला दर्ज
बीकानेर: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये की बीमा राशि हड़पने का मामला सामने आया है। पांचू थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चिताणा के खारा पट्टी निवासी कुम्भाराम, भैराराम, मुकाराम और चेतनराम पुत्रगण धन्नाराम जाट ने पुलिस अधीक्षक को परिवाद देकर आरोप लगाया कि महेन्द्र बिश्नोई, लालसिंह राजपूत और हिम्मताराम जाट ने फर्जी शपथ पत्र, कूटरचित दस्तावेज, फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान तैयार कर उनके खेतों के नाम पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि धोखाधड़ी से अपने खातों में प्राप्त कर ली।
परिवाद में बताया गया है कि चिताणा मौजा स्थित खसरा नंबर 1058/931, 1059/931, 823, 824/2, 825 एवं 826 की भूमि परिवादियों के नाम दर्ज है। आरोप है कि इन्हीं खातों के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी योजना का लाभ उठाया गया। आरोपों के अनुसार महेन्द्र बिश्नोई ने 3,07,832 रुपये, लालसिंह ने 3,07,832 रुपये तथा हिम्मताराम ने 3,15,098.81 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
परिवादियों ने ई-मित्र संचालक जावेद अख्तर और संबंधित पटवारी छितर मीणा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जानकारी लेने पर दोनों ने कथित रूप से कमीशन लेने और इस प्रकार के कार्य करने की बात कही। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
पांचू थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच नोखा वृत्ताधिकारी आरपीएस जरनैल सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में दस्तावेजों की जांच, बीमा भुगतान का रिकॉर्ड तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




